चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए हैं। जहां इसी कड़ी में अब मान सरकार का एक और बड़ा एक्शन सामने आया है। भ्रष्टाचार के मामले में अब सीधे एक SSP पर गाज गिरी है। फाजिल्का के एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही यह बताया जा रहा है कि, एसएसपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। भ्रष्टाचार का यह मामला रिश्वतखोरी से जुड़ा हुआ बताया जाता है।
इससे पहले मंगलवार को फाजिल्का में ही 4 पुलिस कर्मियों को विजिलेंस ने इसी तरह के मामले में गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि, ये कर्मी साइबर सेल में तैनात थे और किसी परिवार पर साइबर केस लगाने की धमकी देते हुए रिश्वत ले रहे थे। जहां इसी रिश्वतखोरी में इन कर्मियों को विजिलेंस ने धर दबोचा था। वहीं 4 पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी के बाद अब फाजिल्का एसएसपी को सस्पेंड किया जाना और एसएसपी के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई होना। पंजाब में मान सरकार का करप्शन पर यह बड़ा हमला है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नील गर्ग ने एसएसपी को सस्पेंड किए जाने के मामले में कहा, भ्रष्टाचार पर यह आम आदमी पार्टी मॉडल की बड़ी कार्रवाई है। AAP सरकार में न रिश्वत चलेगी, न रिश्वत लेने वालों को बख्शा जाएगा। चाहें कोई बड़ा हो या छोटा, अपना हो या बाहरी, भ्रष्टाचार के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हर भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई होगी। गर्ग ने आगे कहा कि, ये है भगवंत मान की नीयत ज़ीरो टोलरेंस नीति का प्रमाण है। भ्रष्टाचारियों के लिए पंजाब में अब कोई जगह नहीं है।