जालंधर। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को जालंधर में डॉक्टरों के साथ बैठक में पंजाब और विशेषकर जालंधर में मेडिकल टूरिज्म लाने का वादा किया। मान ने कहा कि यह चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र को नए आयाम देगा और एनआरआइ समुदाय को अपने घर के निकट इलाज कराने का अवसर देगा। मान ने कहा कि अभी भारत में दक्षिणी राज्यों में मेडिकल टूरिज्म है, लेकिन पंजाब की आप सरकार के पास स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी योजनाएं हैं।
सीएम मान ने कहा कि होशियारपुर व कपूरथला में दो मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। संगरूर में मेडिकल कॉलेज की जमीन का मुद्दा भी जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। पंजाब में नए सामुदायिक केंद्र भी लाने की योजना है। मान ने कहा कि पीजीआइ के डॉक्टरों पर काम का बहुत बोझ है।
यहां चार राज्यों जम्मू, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा के अलावा चंडीगढ़ के मरीजों का इलाज होता है। उन्होंने कहा कि पंजाब को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की जरूरत है। रूस-यूक्रेन के युद्ध के दौरान जब हमारे हजारों मेडिकल छात्र यूक्रेन में फंसे थे, तब मुझे इसकी जरूरत और भी ज्यादा महसूस हुई थी।