श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ‘सरबत दे भले दी अरदास’ कार्यक्रम में आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब में एक वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी स्थापित करने का महत्वपूर्ण ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के विषय और संरचना संगत से परामर्श करके तय की जाएगी। यहां एक विशेष चेयर भी बनाई जाएगी, जिसके माध्यम से लोगों को गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ा जाएगा और गुरुबाणी का अनुवाद दुनिया की कई भाषाओं में कराया जाएगा।
गुरुधामों के लिए फ्री ट्रांसपोर्ट सुविधा
CM मान ने बताया कि श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो में गुरुधामों के दर्शन के लिए ई-रिक्शा, मिनी बसों एवं अन्य परिवहन सुविधाएं सभी श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क होंगी। इसका पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।
उन्होंने उल्लेख किया कि इन तीनों शहरों को कल ही पवित्र दर्जा प्रदान किया गया है।
व्यवस्थाओं पर CM का संदेश
समागम के दौरान सफाई, मेडिकल सेवाएं, टेंट सिटी आवास, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस अधिकारी और अन्य सभी कर्मचारी सेवा में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद यदि किसी सेवा में कमी रह गई हो तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने विनम्रता जताते हुए कहा, “यहां कोई मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं—सभी सेवादार हैं। यहां स्टारडम नहीं चलता। गुरुओं की कुर्बानियों के आगे हम धूल के कण के समान हैं।” CM मान ने यह भी कहा कि यदि उन्होंने एक पैसे की भी बेईमानी की हो तो उन्हें सजा मिले।