हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 की तैयारियों के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।
‘रेलवे के विकास के लिए अतिक्रमण मुक्त होना जरूरी’
बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले को लेकर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अगर कहीं अतिक्रमण है तो उसे अतिक्रमण मुक्त किया जाना चाहिए, ताकि रेलवे के विकास का रास्ता साफ हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार अपना पक्ष पहले ही अदालत के सामने रख चुकी है और मामले में जो भी आवश्यक बात रखी जानी थी, वह न्यायालय के समक्ष रखी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में हुआ अतिक्रमण पिछली सरकारों के दौरान कथित तौर पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते बढ़ा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस मामले में अपना पक्ष पहले ही स्पष्ट कर चुकी है।
प्रदेश कार्यसमिति में 2027 की तैयारी पर जोर
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उनके मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि आत्ममंथन और भविष्य की रणनीति तय करने का महत्वपूर्ण मंच है। सीएम धामी ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्र सेवा है और पार्टी का लक्ष्य देश को समृद्ध एवं विकसित बनाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद हुए बदलावों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियां गिनाईं।
राम मंदिर से UCC तक गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की नीति, तीन तलाक की समाप्ति और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से विकास के क्षेत्र में कई बड़े काम आगे बढ़े हैं। उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम ऑलवेदर रोड, होम स्टे योजना और पर्यटन के विस्तार का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लखपति दीदी योजना और उत्तराखंड में देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने को भी उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के तौर पर पेश किया। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।