उज्जैन। उज्जैन में महाकाल मंदिर जाने के लिए एक और नया प्रवेश द्वार खुल गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 25 करोड़ की लागत से रूद्र सागर पर बने ब्रिज का लोकार्पण किया। इसे सम्राट अशोक ब्रिज के नाम से जाना जाएगा। अब श्रद्धालु शक्ति पथ से सीधे महाकाल मंदिर पहुंच सकेंगे। इससे चारधाम मंदिर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए करीब डेढ़ किमी की दूरी कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मानसरोवर के सामने जैसे ही नए ब्रिज का लोकार्पण किया। यहां जमकर आतिशबाजी की गई। शंख और डमरू बजाकर सीएम का स्वागत भी किया गया। जिसके बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये। पूजन राजेश पुजारी व आकाश पुजारी द्वारा सम्पन्न करवाया गया।
उज्जैन वालों के लिए 15 फरवरी का दिन कई मायनों में खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने उज्जैन में 2272 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन-लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हम सभी पर बाबा महाकाल की कृपा है। हम सभी अलग-अलग क्षेत्रों में और आगे बढ़ने वाले हैं। गरीब जनता को भी आगे बढ़ने का अधिकार है। उसे भी बड़े भवनों में शादी-ब्याह करने चाहिए। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि सरकार लगातार विकास के काम कर रही है।
हमारी सरकार युवाओं को उसकी क्षमता के हिसाब से राजगोर-स्वरोजगार मुहैया कराएगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार का एकमात्र उद्देश्य है राज्य को देश के विकसित राज्यों में शामिल करना। हम युवाओं-गरीबों का जीवन बदलने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं को जिस भी तरह का उद्योग लगाना हो, उसमें सरकार मदद करेगी। शिप्रा के सभी घाटों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। लोग नाव से एक घाट से दूसरे घाट जा सकेंगे। लोगों को शिप्रा का साफ पानी मिलेगा।