रीवा। रीवा जिले में डंपर से मुरुम डालकर दो महिलाओं को जिंदा दफनाने के मामले में सीएम डा. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया करते हुए सीएम मोहन ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आरोपियों बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम मोहन ने बताया कि पीड़ित महिलाओं को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके खिलाफ किसी भी अपराध में आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, कठोर से कठोर दंड दिया जाएगा।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम मोहन ने लिखा, सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त वीडियो से रीवा जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध का मामला संज्ञान में आया, जिसमें मैंने जिला प्रशासन व पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं पर डंपर से मुरुम डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दो अन्य की तलाश जारी है।
गौरतलब है जिले के मनगवां अंतर्गत हिनौता कोठार गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद में दो महिलाओं पर डंपर से मुरुम डालकर जिंदा दफनाने की कोशिश करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।