उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 950 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सांकेतिक चेक भी वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के विकास, डिफेंस कॉरिडोर और राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
‘चित्रकूट को नई पहचान मिली’
सीएम योगी ने कहा कि चित्रकूट भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर है, लेकिन वर्ष 2017 से पहले यह क्षेत्र उपेक्षा, अव्यवस्था और भय के माहौल का प्रतीक बन चुका था। उन्होंने कहा कि आज चित्रकूट में आधुनिक एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें और तेज़ी से विकसित हो रहा डिफेंस कॉरिडोर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही चित्रकूट में ब्रह्मोस मिसाइल से जुड़ी एक बड़ी रक्षा इकाई स्थापित होगी, जिससे यह क्षेत्र रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उनके अनुसार, चित्रकूट अब “शास्त्र और शस्त्र” दोनों का संगम बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने चित्रकूट के विकास की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान क्षेत्र अपराध और भय के लिए जाना जाता था, जबकि आज यहां निवेश, रोजगार और विकास का माहौल है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस-सपा को घेरा
राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे के बहाने अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, “जो दल वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे, आज वही आस्था की बात कर रहे हैं। कांग्रेस ने अदालत में शपथपत्र देकर भगवान राम को काल्पनिक बताया था। ऐसे लोग आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही ट्रस्ट को चढ़ावे में अनियमितताओं की जानकारी मिली, उसने स्वयं शिकायत दर्ज कराई। सरकार ने तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई, जिसमें छह लोग चोरी और दो लोग साजिश में शामिल पाए गए। कुल आठ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई हो चुकी है, इसलिए पूरे ट्रस्ट या राम मंदिर को बदनाम करने का कोई औचित्य नहीं है।
‘विकसित भारत का मतलब विकसित चित्रकूट’
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब चित्रकूट जैसे क्षेत्रों का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।