अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी वितरित की और नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय को 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके अलावा दोनों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की बात भी कही। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को चॉकलेट बांटी और मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। यहां वह हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद रामलला के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं गांव एवं मोहल्ले के स्तर पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं से जुड़ी पोषण व बाल विकास योजनाओं को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनमें बच्चों को प्री-स्कूल शिक्षा देना, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना, पोषण आहार वितरण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग तथा जरूरी रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा का रखरखाव शामिल है।