रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव – कानपुर
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ गए हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनता के हित में एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सतर्कता और सावधानी से ठंड से होने वाली जनहानि और बीमारियों को काफी हद तक रोका जा सकता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की इस एडवाइजरी में ठंड से बचाव के हर पहलू को शामिल किया गया है, ताकि नागरिक सुरक्षित रह सकें।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि मौसम की ताजा जानकारी के लिए स्थानीय रेडियो, टीवी चैनल, समाचार पत्र और मोबाइल ऐप का नियमित उपयोग करें। ठंड के दिनों में घरों में कोयले की अंगीठी, केरोसिन का चूल्हा या इलेक्ट्रिक हीटर इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। कमरे में हमेशा पर्याप्त हवा का आवागमन बनाए रखें, ताकि कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस जमा न हो और दम घुटने की घटनाएं न हों। अगर कपड़े गीले हो जाएं तो तुरंत बदल लें, क्योंकि नमी से ठंड और तेज लगती है। अगर घर में गर्मी की कोई व्यवस्था न हो तो प्रशासन द्वारा संचालित सामुदायिक केंद्रों या रैन बसेरों में जाकर अलाव का लाभ लें।
आगे जानकारी में बताया गया कि ठंड से बचने के लिए कपड़ों का सही चयन बहुत जरूरी है। एडवाइजरी में सलाह दी गई है कि कई परतों में गर्म ऊनी कपड़े पहनें। स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर, दस्ताने और मोजे का उपयोग करें। अगर ऊनी कपड़े उपलब्ध न हों तो साधारण कपड़ों को एक के ऊपर एक पहनकर भी ठंड से बचाव किया जा सकता है। सिर, कान, गर्दन और हाथ-पैरों को अच्छी तरह ढकें, क्योंकि शरीर की अधिकांश गर्मी इन्हीं हिस्सों से निकलती है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष देखभाल की जरूरत है, उन्हें बाहर निकालने से बचें और घर के अंदर ही रखें।
इस दौरान ठंड से बचाव के लिए पोषण का भी खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है। गर्म सूप, चाय-कॉफी, दूध और अन्य गर्म पेय पदार्थों का अधिक सेवन करें। विटामिन-सी से भरपूर फल जैसे संतरा, नींबू और मौसमी फल खाएं। धूप निकलने पर उसमें कुछ देर बैठें, इससे शरीर को प्राकृतिक गर्मी और विटामिन-डी मिलेगा। शीतलहर के दौरान अनावश्यक यात्रा टालें और अगर बाहर जाना मजबूरी हो तो विंडप्रूफ कपड़े पहनें।
एडवाइजरी में हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट जैसे गंभीर खतरे के लक्षणों की भी जानकारी दी गई है। अगर किसी में अत्यधिक ठिठुरन, सुस्ती, भ्रम, तुतलाकर बोलना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल ले जाएं। इसी तरह हाथ-पैर सुन्न पड़ना, उंगलियां सफेद या पीली होना फ्रॉस्टबाइट के संकेत हैं, ऐसे में भी फौरन चिकित्सा सहायता लें।
प्रशासन ने सामाजिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया है। पड़ोस में अकेले रहने वाले बुजुर्गों या असहाय लोगों का ध्यान रखें। अगर कोई निराश्रित व्यक्ति ठंड से पीड़ित दिखे तो नजदीकी लेखपाल या पुलिस को सूचना दें, ताकि उन्हें कंबल और आश्रय मुहैया कराया जा सके। पालतू जानवरों को भी ठंड से बचाएं उनके बाड़े को ढकें और पर्याप्त चारा दें। रात में सोते समय अंगीठी या अलाव बुझाकर सोएं, ताकि आग की घटनाएं न हों।
जिला प्रशासन ने “शीतलहर अलर्ट: स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अपनाएँ ये ज़रूरी सावधानियाँ” नाम से एक जागरूकता वीडियो भी जारी किया है, जिसमें ठंड से बचाव के सभी उपायों को सरल भाषा में समझाया गया है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इन दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने साथ-साथ आसपास के लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें। ठंड प्रकृति का हिस्सा है, लेकिन सावधानी से इसे आसानी से झेला जा सकता है।