मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को ग्राम डूंगरपुर में लालसोट विधायक रामबिलास मीना के आवास पर आयोजित बिल्व पत्र समारोह में शिरकत करने पहुंचे। इस मौके पर आयोजित आभार सभा में मुख्यमंत्री ने बजट की घोषणाओं को गिनाते हुए कांग्रेस पर गरीबी एवं पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब हटाओ का नारा एवं किसान को सबंल देने की बात कही, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस का कभी गरीब, गरीबी व किसान से कोई रिश्ता नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि नेहरू से लेकर सोनिया व राहुल बाबा तक गरीबी हटाओ का नारा दे रहे हैं, कब तक यह नारा देते रहोगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस वर्ष एक लाख युवाओं को नौकरी देगी और पांच साल में चार लाख नौकरी देंगे। जनता से संकल्प पत्र में किया हर वादा पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की तरह उनकी सरकार भी जिस कार्य का शिलान्यास करेगी, उसका उद्घाटन भी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ईआरसीपी के नाम पर लगातार झूठ बोल कर लोगों को बरगलाया था। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में ईआरसीपी को लेकर वादा किया था और सरकार बनते ही इस बारे में एमओयू कर लिया गया। शीघ्र ही इस परियोजना का प्रधानमंत्री शिलान्यास करेंगे। प्रदेश के 13 जिलों को लाभ मिलेगा।