रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। साय ने कहा कि कांग्रेस एक फ्यूज बल्ब है। उसने पूरे देश में लोगों का विश्वास खो दिया है। इसलिए उसके नेता ऐसी बातें कहते हैं, जिनका कोई मतलब नहीं होता।
कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली पर उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने कई बार संविधान को खतरे में डाला है। इस देश में आपातकाल किसने लगाया था, यह सभी जानते हैं? लोकतंत्र की हत्या की गई थी। गैर-कांग्रेसी नेताओं को इमरजेंसी के समय जेलों में डाला गया था। संविधान की हत्या करने वाले यही लोग हैं। उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए कई बार संविधान में संशोधन किया। इसलिए ऐसे लोगों को संविधान बचाओ रैली निकालना शोभा नहीं देता। ये लोग संविधान का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए करते हैं।
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। दोनों नेताओं ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी। इसके बाद कांग्रेस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ‘जिम्मेदारी के समय गायब’ पोस्ट शेयर कर दिया। इसके बाद से सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी लगातार कांग्रेस को इस पोस्ट को लेकर घेर रही है।