ग्वालियर। डबरा सिविल न्यायालय और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। नगर के पिछोर तिराहे पर मोबाइल कोर्ट लगाकर नाबालिक चालकों सहित अन्य वाहनों के दस्तावेज जांचे गए। दस्तावेज नहीं होने पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 से अधिक वाहनों के चालान किए गए और कई वाहनों को जब्त कर सिटी थाना परिसर में रखा गया। अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य जनता में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ाना और प्रशासन की सख्ती का संदेश देना है। इस दौरान इलाके से गुजर रहे कांग्रेस विधायक सुरेश राजे की कार में हूटर लगे होने के कारण उनके खिलाफ 10 हजार रुपए का चालान काटा गया। घटना के समय विधायक कार में ही मौजूद थे।
विधायक सुरेश राजे ने कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैंने न्यायालय की प्रक्रिया का पालन किया है। यह अगर सब पर लागू हो तो इनकी गरिमा बढ़ेगी।” उन्होंने कहा कि उनका हूटर हटा दिया गया है, लेकिन प्रदेश में सभी सत्ताधारियों के हूटर हटने तक उनका हूटर फिर दिखाई देगा।