जयपुर। जयपुर के मानसरोवर इलाके में हुए एक सड़क हादसे में चर्चित मॉडल और स्टेज एंकर हर्षिल कालिया की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार देर रात शिप्रा पथ पर हुआ, जब उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय हर्षिल कालिया, जिन्हें युक्ति के नाम से भी जाना जाता था, एक कार्यक्रम में एंकरिंग करने के बाद अपनी सहेली के घर गई थीं। वहां से देर रात खुद अपनी वैगन-आर कार चलाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रात करीब 12 बजे उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं थी। इसके बावजूद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में हर्षिल का सिर कार के गेट से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने लगा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार को सीधा किया और हर्षिल को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हर्षिल कालिया जयपुर की रहने वाली थीं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत न्यूज एंकर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में पहचान बनाई और आगे चलकर एक्टिंग में भी कदम रखा। वह ‘क्राइम नेक्स्ट डोर’ जैसी सीरीज में नजर आ चुकी थीं।