कुरुक्षेत्र। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये जो किसानों का धरना है, ये पंजाब में बनता है। धरना जहां कांग्रेस की सरकार है, जो एमएसपी नहीं दे रही है, वहां बनता है। उन्होंने कहा, ”हम एमएसपी दे रहे हैं। कांग्रेस केवल झूठ फैला रही है।
इतना ही नहीं सीएम नायब सिंह सैनी कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाल पर भी निशाना साधते हुए दिखाई दिए। भले ही उन्होंने सीधे तौर पर उनका नाम नहीं लिया। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका श्राप खुद पर ही उल्टा पड़ गया है। आज कांग्रेस के पास झूठ बोलने के अलावा औऱ कुछ भी नहीं बचा है। इस पार्टी के नेता जनता को बरगलाने में लगे हुए हैं। अपनी पार्टी की तरफ करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 सालों से पार्टी समाज के सभी वर्गों का ध्यान रख रही है। साथ ही उनको ध्यान में रखते हुए विकास के काम भी कर रही है। इसी वजह से हरियाणा में बीजेपी की सरकार तीसरी बार आई है।
इतना ही नहीं सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले 55 सालों से लगातार झूठे वादे करने का काम कर रही है। हर व्यक्ति का इस पार्टी ने शोषण किया है। कांग्रेस राज में महिला से लेकर गरीब किसान तक का उत्पीड़न हुआ है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस वक्त किसानों ने दिल्ली में कूच किया हुआ है। पुलिस इस चीज को लेकर पूरी तरह से तैयार है। वहीं, किसान अपनी मांगों पर लगातार बने हुए हैं।