उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कैला भट्टा मोहल्ले में रहने वाले सपा नेता हाजी खलील के चौथे निकाह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 70 वर्षीय खलील द्वारा 20 वर्षीय युवती से निकाह किए जाने के बाद उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है।
नाजरीन अपने बेटे के साथ कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और एडिशनल पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि खलील हर पत्नी से बच्चे होने के बाद उन्हें छोड़ देते हैं या घर से निकाल देते हैं। हालांकि, हाजी खलील ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि शिकायत करने वाली महिला से उनका निकाह नहीं हुआ था।
नाजरीन के अनुसार, उनका निकाह वर्ष 1991 में खलील से हुआ था और उस समय उन्हें उनकी पहली शादी और बच्चों के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी। बाद में उन्हें पता चला कि पहली पत्नी से उनके आठ बच्चे हैं। नाजरीन से भी खलील के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2010 में खलील ने तीसरा निकाह किया, लेकिन संतान न होने पर तीसरी पत्नी को तीन तलाक देकर अलग कर दिया गया। अब हाल ही में 20 वर्षीय युवती से चौथा निकाह कर उसे घर ले आए हैं। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और घर से निकाल दिया गया। नाजरीन ने यह भी आरोप लगाया कि नई पत्नी की नजर संपत्ति पर है और खलील संपत्ति उसके नाम करने की योजना बना रहे हैं। मामले में एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने शिकायत प्राप्त कर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि हाजी खलील पूर्व में 1995 और 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। उनके खिलाफ नगर निगम की करीब 30 करोड़ रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप भी लग चुके हैं। बताया जाता है कि इस जमीन पर मदरसा, मस्जिद और दुकानों का निर्माण कर उन्हें किराये पर दिया गया था, जिस पर नगर निगम ने जांच के बाद नोटिस जारी किए थे और कुछ अवैध कब्जे हटाए भी गए थे। फिलहाल चौथे निकाह को लेकर उठा यह विवाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।