बॉलीवुड सिंगर और रैपर Badshah एक बार फिर अपने नए गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। 1 मार्च को रिलीज हुए उनके गाने ‘टटीरी’ को लेकर लगातार आलोचना हो रही है। गाने में स्कूल ड्रेस में लड़कियों के डांस और कथित आपत्तिजनक लिरिक्स को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है। इस मामले में Haryana State Commission for Women ने उन्हें नोटिस भी भेजा है। अब इस विवाद पर हरियाणा सरकार के मंत्री Mahipal Dhanda ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गीत राज्य की संस्कृति को ठेस पहुंचाते हैं और हरियाणा की छवि को खराब करते हैं।
मीडिया से बातचीत में महिपाल ढांडा ने कहा कि इस तरह का गायन, जो हरियाणा की संस्कृति को धूमिल कर रहा है, स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि मामला सामने आते ही सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और गाने को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इसके साथ ही गाने में दिखाई गई बस और उससे जुड़े डिपो की जांच के भी आदेश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले Renu Bhatia ने कहा था कि गाने के बोल अभद्र हैं और सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करते हैं। शिकायतें मिलने के बाद महिला आयोग ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। महिला आयोग द्वारा 6 मार्च को जारी समन के अनुसार यह मामला बादशाह के खिलाफ दर्ज शिकायतों से जुड़ा है। आयोग ने 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे सुनवाई तय की है। यह सुनवाई पानीपत के डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी और पुलिस अधिकारियों को सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, हाल ही में बादशाह ने एक हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ को रीमिक्स कर अपना रैप जोड़ा और उस पर म्यूजिक वीडियो बनाया। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने डांसर्स को दिखाया गया है और कुछ लिरिक्स को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। गाने की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है।