महाराष्ट्र में भड़की हिंसा के बाद अब प्रदेश में शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा ये जानकारी दी गई। ये हिंसक घटनाएं ‘बंद’ के दौरान हुईं। जानकारी के मुताबिक तीन दिन तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘भारतीय जनता पार्टी की ओर से कथित तौर पर बुलाए गए बंद के दौरान शनिवार सुबह उग्र भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया। त्रिपुरा में हुई सांप्रदायिक घटना के विरोध में अमरावती में मुस्लिम संगठनों द्वारा शुक्रवार को आयोजित रैली के दौरान हुए पथराव के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया था।’
तीन दिनों तक इंटरनेट सेवाएं रहेंगी बंद
पुलिस आयुक्त आरती सिंह ने कहा कि ‘इंटरनेट सेवाएं तीन दिन तक निलंबित रहेंगी जिससे कि हिंसा भड़काने वाली अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। शनिवार सुबह, अमरावती में सैकड़ों लोग राजकमल चौक क्षेत्र में निकल आए और उनमें से कई के हाथ में भगवा झंडे थे।’ पुलिस के मुताबिक ‘भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने राजमकल चौक और अन्य जगहों पर पथराव किया जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। शुक्रवार और शनिवार को पथराव की घटनाएं होने के बाद किसी अप्रिय घटना को टालने के लिए, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (1), (2), (3) के तहत शहर में कर्फ्यू लगा दिया।’