नई दिल्ली। दिल्ली के साउथ वेस्ट जिले के डियर पार्क में एक लड़के और लड़की के शव पेड़ से लटके मिले। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं। वहीं डियर पार्क में पेड़ से लड़के और लड़की का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दरअसल, पूरा मामला दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके के डियर पार्क का है। यहां रविवार सुबह एक किशोर और किशोरी का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने मामले में आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार, डियर पार्क के एक सुरक्षा गार्ड ने सुबह छह बजकर 31 मिनट पर पीसीआर को फोन कर शव मिलने की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि मृतक किशोर और किशोरी की उम्र करीब 17 वर्ष है। किशोर ने काले रंग की टी-शर्ट और नीले रंगे की जींस पहनी हुई थी तथा किशोरी ने हरे रंग के कपड़े पहने थे।
एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अब तक कोई ‘सुसाइड नोट’ बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले में जांच जारी है। यह भी पता चला है कि लड़के और लड़की ने पेड़ की टहनी पर एक ही नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाई थी। मौके पर क्राइम ब्रांच की टीम को भी निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।