मेरठ। मोबाइल स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना और गेम खेलना जानलेवा हो रहा है। मेरठ के खैरनगर निवासी 22 वर्षीय युवक के बाद अब सहारनपुर के गांव रसूलपुर में मोबाइल फोन देखते-देखते एक युवक की मौत हो गई। बताया गया कि उसके सीने में दर्द हुआ, जब तक चिकित्कीय सहायता मिलती, उसकी मौत हो चुकी थी।
स्वजन ने बताया कि 24 वर्षीय मेहराब मंगलवार रात आठ बजे किराने की दुकान पर मोबाइल पर पाकिस्तान का मैच देख रहा था। अचानक उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई और उल्टी करने के बाद वह बेहोश हो गया। उसे अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच से आशंका जताई जा रही है कि मेहराब की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मेहराब अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वह गांव में दुकान चलाता था। जिला अस्पताल के डाक्टर अनिल वोहरा का कहना है कि लगातार मोबाइल देखना मानसिक तनाव और उत्तेजना पैदा करता है. इससे ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है।