पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है। बैठक में बिहार की करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर चर्चा होगी।परिवहन भवन स्थित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में प्रस्तावित नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री अरवल-बिहारशरीफ मार्ग, बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं के लिए मंजूरी और वित्तीय सहायता का अनुरोध करेंगे। जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण के लिए भी केंद्र से राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी जाएगी।इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में सड़क संपर्क बेहतर करने, यातायात सुगम बनाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने पर जोर रहेगा।