नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार को हुए डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। तारा अपार्टमेंट के O ब्लॉक के बाहर एक पिता और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राकेश सूद (62) और उनके बेटे करण सूद (27) के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी असद को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतकों का पड़ोसी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा पुराना विवाद था।
पड़ोसी ही निकला कातिल
जानकारी के मुताबिक, आरोपी असद उसी तारा अपार्टमेंट के F ब्लॉक में रहता था, जबकि राकेश और करण O ब्लॉक में रहते थे। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे असद राकेश सूद के घर पहुंचा और कहासुनी के बाद उसने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में राकेश और उनके बेटे करण गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से सूचना मिली कि तारा अपार्टमेंट से तीन घायलों को वहां लाया गया है। डॉक्टरों ने राकेश और करण को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके चचेरे भाई राहुल का इलाज जारी है।जांच में यह भी सामने आया है कि राकेश और उनका बेटा प्रॉपर्टी का काम करते थे।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी असद को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ CR पार्क थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद CR पार्क इलाके में दहशत का माहौल है। यह इलाका दिल्ली के पॉश इलाकों में गिना जाता है, ऐसे में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।