जयपुर। राजस्थान पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की सक्रियता से प्रदेश में हड़कंप मचा है। कांग्रेस नेताओं के करीबियों के घर कार्रवाई चल रही है। दिनेश खोड़निया, स्पर्धा चौधरी और अशोक जैन के नौ ठिकानों पर कार्रवाई की सूचना मिली है। बता दें कि पेपर लीक मामले में आज शुक्रवार सुबह राजस्थान के तीन शहरों में ED की कार्रवाई शुरू हुई। कहा जा रहा है कि कांग्रेस सीनियर नेताओं के करीबियों के घर और दफ्तर सहित नौ ठिकानों पर ED की कार्रवाई हो रही है।
यह सभी जगह दिनेश खोड़निया, स्पर्धा चौधरी और अशोक जैन के बताए जा रहे हैं, जिसमें से दिनेश खोड़निया मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी हैं। वहीं, स्पर्धा चौधरी पेपर लीक सरगना सुरेश ढाका की महिला मित्र हैं और अशोक जैन भी एक कांग्रेस नेता के करीबी हैं। ED सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक में शामिल Rajasthan Public Service Commission (RPSC) सदस्य बाबूलाल कटारा और मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण को ED ने पिछले दिनों रिमांड पर लिया था। बाबूलाल ने पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की जानकारी ईडी को दी थी।
बाबूलाल कटारा से हुई पूछताछ के बाद ईडी ने भूपेंद्र सारण को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। रिमांड के दौरान दोनों से मिली जानकारी को दिल्ली ईडी कार्यालय में भिजवाया गया।
एक गोपनीय दल ने दिनेश खोड़निया, अशोक जैन और स्पर्धा चौधरी की पिछले सात दिन तक जांच की। जांच में इनके बैंक डिटेल, बैक ग्राउंड, कॉनटैक्ट, आगामी विधानसभा चुनाव में इनकी भूमिका की जांच की गई। ईडी को सर्च के दौरान सबूत मिलने पर सभी को ईडी मुख्यालय में आने के नोटिस दिए जा सकते हैं। नोटिस के बाद ईडी मुख्यालय में आकर ईडी के सवालों के जवाब देने होंगे।