होशियारपुर: पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का दायरा बढ़ाते हुए बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए सालासर बालाजी-श्री खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की मुफ्त धार्मिक यात्रा शुरू कर दी है। शुक्रवार को होशियारपुर से 15 एसी स्लीपर बसों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों नेताओं ने बसों में जाकर यात्रियों से मुलाकात की और यात्रा संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु मुफ्त यात्रा का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 50 वर्ष से अधिक आयु के एक परिवार के दो सदस्य यात्रा कर सकेंगे। सरकार की ओर से एसी स्लीपर बस, ठहरने, भोजन और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। केजरीवाल ने कहा कि आज हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर-खाटू श्याम के लिए 15 बसें रवाना की गई हैं। अगले कुछ महीनों में करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पंजाब की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह योजना सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के लिए है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी श्री दरबार साहिब, राम तीर्थ, फतेहगढ़ साहिब, वाघा बॉर्डर और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए तीर्थयात्रा संचालित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक स्थल मानवता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वातानुकूलित कमरों में ठहराने, मुफ्त भोजन, मेडिकल बीमा और हर बस में एक अटेंडेंट की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक गंतव्य पर विशेष टीम तैनात रहेगी ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे। यात्रा पूरी होने पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद और स्मृति चिन्ह के रूप में पीतल का गिलास भी भेंट किया जाएगा।
भगवंत मान के अनुसार, होशियारपुर से पांच जिलों—होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर—के श्रद्धालुओं को लेकर कुल 15 बसें रवाना की गई हैं। इनमें 10 बसें हरिद्वार-ऋषिकेश, 2 बसें मथुरा-वृंदावन और 3 बसें श्री खाटू श्याम-सालासर के लिए भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में अब तक चार लाख श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी के दर्शन कर चुके हैं। इस योजना पर अब तक लगभग 148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य 10 लाख श्रद्धालुओं को मुफ्त तीर्थयात्रा का लाभ पहुंचाना है।