रिपोर्ट:- वरुण दुबे, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना पुलिस ने युवती का अपहरण कर उसे बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी, जो महिलाओं को बहला-फुसलाकर अपहरण कर बेचने का काम करता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज पुत्र दिनेश कुमार निवासी नई बस्ती मोहनपुर दीनारपुर (थाना कमालगंज), माया पत्नी रामकरन निवासी गुआस थाना अलीनगर (जनपद चंदौली), सकीना पत्नी गुड्डू निवासी काली महाल लखमीपुर थाना कुढ़ाबाजार (जनपद चंदौली), वीरे पुत्र ब्रह्मानंद निवासी उलियापुर कोतवाली कायमगंज, रामकरन पुत्र रामलोचन निवासी गुआस थाना अलीनगर (जनपद चंदौली) और चरन सिंह पुत्र नंद कुमार निवासी मधवापुर थाना जहानगंज के रूप में हुई है।
ऐसे रची गई साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी श्यामा देवी और उसके साथियों ने युवती को ट्रेन में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने युवती को कोठे पर बेचने की योजना बनाई और कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम बरझाला निवासी सुनील से रुपए लेकर उसकी जबरन शादी करा दी।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी अधिकारी ने औपचारिक बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया सेल द्वारा एक संक्षिप्त प्रेस नोट जारी कर मामले की पुष्टि की गई है।