मुंबई: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों की अनदेखी करने वाले रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान गंभीर खामियां मिलने के बाद दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और कोलाबा के McDonald’s आउटलेट समेत राज्य के 7 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। FDA की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, कई जगहों पर किचन की साफ-सफाई से लेकर खाद्य सामग्री रखने और कर्मचारियों की हाइजीन तक में गंभीर लापरवाही सामने आई।
अचानक जांच में मिलीं कई गड़बड़ियां
19 अगस्त को कोलाबा स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब लिमिटेड की अचानक जांच की गई। FDA के मुताबिक, निरीक्षण में करीब 47 फीसदी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। जांच के दौरान किचन में बड़ी संख्या में मक्खियां, एक मरा हुआ कॉकरोच और बर्तन धोने की जगह के पास खुले कॉकरोच ट्रैप मिले। खाने की सामग्री के पास वाशिंग पाउडर रखे होने की बात भी सामने आई। इन कमियों को गंभीर मानते हुए फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
McDonald’s के री-इंस्पेक्शन में भी नहीं सुधरीं कमियां
कोलाबा के मेट्रो हाउस स्थित McDonald’s आउटलेट का दोबारा निरीक्षण किया गया। FDA के मुताबिक, पिछली जांच में सामने आई 20 कमियों में से 18 दोबारा पाई गईं। निरीक्षण के दौरान किचन में जिंदा कॉकरोच मिलने, कर्मचारियों द्वारा हाथों की उचित सफाई के बिना खाने की सामग्री संभालने और खाद्य उत्पादों से जुड़े दावों में गड़बड़ी जैसी बातें सामने आईं। FDA के अनुसार, आउटलेट की ओर से अनुपालन रिपोर्ट भी जमा की गई थी, लेकिन दोबारा जांच में कई गंभीर खामियां बरकरार मिलीं।
सड़ा पनीर और काला पड़ा तेल भी मिला
छत्रपति संभाजीनगर के एक होटल की रसोई में भी FDA की टीम को कई आपत्तिजनक चीजें मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, यहां सड़ा हुआ पनीर, खराब और काला पड़ा तेल तथा खुले में रखी खाद्य सामग्री मिली। इसके अलावा तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरणों में खामियां, खाद्य अपशिष्ट और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं।
खार जिमखाना और स्टेटस रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई
मुंबई के खार वेस्ट स्थित खार जिमखाना में बर्तन धोने के लिए गर्म पानी की व्यवस्था नहीं थी। कच्चे और पके भोजन को एक साथ रखने समेत हाइजीन से जुड़े कई नियमों की अनदेखी पाई गई। इसके बाद इसका पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित कर दिया गया। वहीं नरीमन पॉइंट स्थित स्टेटस रेस्टोरेंट के खिलाफ ग्राहक की शिकायत के बाद जांच की गई। FDA के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान साफ बर्तनों के ऊपर चेहरा धोने से गंदा पानी गिरने, गंदे बर्तन, जमा पानी और खाद्य अपशिष्ट जैसी कमियां मिलीं। कर्मचारियों के पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण नहीं पहनने की बात भी सामने आई।
नोवारा रेस्टोरेंट का लाइसेंस भी सस्पेंड
मलाड स्थित नोवारा रेस्टोरेंट के संचालक इनजेनियस किचन्स प्राइवेट लिमिटेड पर भी कार्रवाई हुई। FDA के मुताबिक, 13 अगस्त को किए गए दोबारा निरीक्षण में पहले दर्ज 25 गंभीर कमियों में से 14 का समाधान नहीं किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अनसैनिटरी बर्तनों के इस्तेमाल और पहले बताई गई कमियों को दूर नहीं करने के चलते लाइसेंस निलंबित किया गया।
गुटखा-पान मसाला मामले में 6 गिरफ्तार
FDA की कार्रवाई सिर्फ रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रही। गुटखा और पान मसाला से जुड़े मामले में भी 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। FDA ने साफ किया है कि ग्राहकों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।