देहरादून। देहरादून के पेनेसीया अस्पताल में आग लगने की घटना से बुधवार को अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में एसी यूनिट में विस्फोट होने के बाद आग लगी, जिसके चलते पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घटना में कई लोगों के प्रभावित होने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मौत की पुष्टि नहीं की है।
ICU और वार्डों में भर गया धुआं
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद धुआं तेजी से ICU और आसपास के वार्डों तक पहुंच गया। इससे भर्ती मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन और राहत टीमों ने मरीजों को तुरंत बाहर निकालना शुरू किया।
इसके बाद कई मरीजों को इलाज के लिए देहरादून के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। मौके पर दमकल और पुलिस की टीमें भी पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
प्रशासन ने क्या कहा?
घटना के बाद विनय शंकर पांडे ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के झुलसने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों को मुख्य रूप से धुएं के कारण दिक्कत हुई, जिसके चलते एहतियातन उन्हें दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।