मुंबई। फरवरी में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने उस समय हड़कंप मचा दिया था। अब इस मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद केस फिर सुर्खियों में आ गया है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक वांछित आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ छोटू को आगरा से गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी इस हमले की साजिश में शामिल था और उसे इसके लिए मोटी रकम का लालच दिया गया था।
चार महीने तक फरार रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, प्रदीप कुमार की भूमिका सामने आने के बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। हालांकि वह करीब चार महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा। हाल ही में सूचना मिली कि वह अपने घर लौटने वाला है, जिसके बाद पुलिस टीम ने आगरा के अशोकनगर इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया से हुआ प्रभावित
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रदीप कुमार कथित रूप से मुख्य आरोपी शुभम लोणकर से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट और खबरों से प्रभावित हुआ था, जिसके बाद वह इस गिरोह के संपर्क में आया।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। प्रदीप की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 9 हो गई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके जरिए फरार मुख्य आरोपी शुभम लोणकर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
1 फरवरी की रात हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, 1 फरवरी 2026 की रात मुंबई के जुहू इलाके में स्थित ‘शेट्टी टावर’ पर फायरिंग की गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया था कि यह हमला कथित रूप से उगाही और इलाके में दहशत फैलाने के मकसद से किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मकोका (MCOCA) के तहत केस दर्ज किया है और मुख्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।