रिपोर्ट – संजय, हरिद्वार
हरिद्वार के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के परिवार को लगातार परेशान करने के आरोप झेल रही उर्मिला सनावर के खिलाफ अब उनकी धर्मपत्नी रविंदर कौर राठौर खुलकर सामने आ गई हैं। कई दिनों से उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर खुद को सुरेश राठौर की पत्नी बताने, उनके साथ जुड़ी तस्वीरें–वीडियो वायरल करने और भ्रामक दावे फैलाने में सक्रिय थी।
पहली बार इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रविंदर कौर राठौर ने कहा कि उर्मिला सनावर द्वारा प्रसारित तस्वीरें और वीडियो असल में एक फिल्म का हिस्सा हैं, जिनका वह निजी लाभ के लिए गलत तरीके से उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा -“यह महिला एक एक्टर है और सोशल मीडिया पर केवल एक्टिंग कर रही है। इसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे भी दर्ज हैं। यह मेरे पति के नाम का बिना किसी आधार के दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उर्मिला सनावर अपने नाम के आगे से ‘सुरेश राठौर’ का इस्तेमाल बंद नहीं करती, तो वे अदालत का दरवाज़ा खटखटाने के लिए बाध्य होंगी। रविंदर कौर ने यह भी आरोप लगाया कि उर्मिला फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धमकी भरे संदेश भेजकर उनके परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रही है। अंत में, उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो, ताकि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों और उनके परिवारों को किसी तरह की झूठी प्रचार–प्रसार या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।