चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को माता मनसा देवी गौधाम, पंचकूला गौशाला में आयोजित अंबाला से पूर्व सांसद स्वर्गीय रतनलाल कटारिया के 73वें जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने रक्तदान शिविर, आई चेकअप व हेल्थ चेकअप शिविरों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि पंचकूला शहर में जिस सड़क से पूर्व सांसद का आना-जाना होता था, अब उस सड़क को रतनलाल कटारिया मार्ग नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व सांसद दिवंगत रतनलाल कटारिया ने पूरा जीवन राष्ट्र और समाज सेवा में लगाया। उनके द्वारा करवाए गए कामों की चर्चा कर लोग आज भी उन्हें याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि कटारिया प्रेरणादायक संदेश सुनाते थे और किसी से द्वेष भावना नहीं रखते थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहर के एक कम्यूनिटी सेंटर का नाम रतनलाल कटारिया कम्यूनिटी सेंटर भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिए कि जो रास्ता हमें पूर्व सांसद दिवंगत रतनलाल कटारिया ने दिया, उस पर आगे बढ़ते रहेंगे।