चंडीगढ़। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जाखड़ को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। जानकारी के अनुसार, जाखड़ के भाजपा में शामिल होने का फैसला कल ही हो गया था।
कांग्रेस को गुड बाय कहने वाले जाखड़ ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ दिल्ली में मुलाकात की थी। जाखड़ इन दिनों दिल्ली में ही हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा जाखड़ को राज्य सभा भी भेज सकती है। हालांकि, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। भाजपा जाखड़ से यह अपेक्षा रखती है कि वह पंजाब संभालें। सूत्रों की मानें तो लंबे समय तक प्रदेश की राजनीति करने वाले जाखड़ अब राष्ट्रीय राजनीति में हाथ आजमाना चाहते हैं।
सुनील जाखड़ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी अच्छे संबंध है। यह संबंध तब से ही चले आ रहे है जब उनके पिता स्व. बलराम जाखड़ मप्र के राज्यपाल थे। उन्हें कुछ समय के लिए गुजरात के राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे।