चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, मौत का सटीक कारण सामने नहीं आ पाया है।
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय अकील अख्तर को गुरुवार देर रात करीब 9:30 बजे पंचकूला के अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
अकील अख्तर की मां रजिया सुल्ताना पंजाब सरकार में मंत्री रह चुकी हैं, जबकि उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। वे वर्ष 2021 में डीजीपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उसके बाद कांग्रेस से जुड़कर नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार के रूप में भी कार्य किया था।
परिवार वर्तमान में पंचकूला में रह रहा है। बताया जा रहा है कि अकील अख्तर का पार्थिव शरीर पंचकूला से उनके पैतृक शहर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ले जाया गया है, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। परिवार और शुभचिंतकों में इस घटना से गहरा शोक व्याप्त है।