बहराइच। देश के कई राज्यों में औरंगजेब को लेकर मुद्दा गर्म है। इसी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा बयान दिया है। जिसको लेकर देश में माहौल गर्म है। सीएम योगी ने कहा है कि भारत की विरासत पर हमला करने वाले और देश के लोगों का अपमान करने वाले आक्रांताओं का महिमामंडन करना देशद्रोह के बराबर है।
सीएम योगी गुरुवार को बहराइच के मिहींपुरवा (मोतीपुर) के मुख्य भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा- “किसी भी आक्रांता का महिमामंडन करने का मतलब देशद्रोह की नींव को पुख्ता करना है। स्वतंत्र भारत किसी देशद्रोही को स्वीकार नही कर सकता।
जो भारत के महापुरुषों को अपमानित करता हो, उन आक्रांताओं का महिमामंडन करता हो, जिन्होंने भारत की सनातन संस्कृति को रौंदने का काम किया था, हमारी आस्था पर प्रहार किया था, उसे आज का नया भारत कतई स्वीकार नही कर सकता।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में महाराज सुहेलदेव का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा- “महाराज सुहेलदेव के पराक्रम और शौर्य की परिणति थी कि 150 वर्ष तक कोई विदेशी आक्रांता भारत पर हमला करने का दुस्साहस नहीं कर पाया।