चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नीति नहीं है। उनकी नीयत में भी खोट है और उनका नेतृत्व भी ठीक नहीं है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में तीसरी बार उनके नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी ने किसान परिवार के गरीब बेटे को हरियाणा की जिम्मेदारी दी है। मैंने अंबाला जिलाध्यक्ष के रूप में यहां काम किया है। आपका बेटा आप लोगों से अंबाला की चार की चार सीटें मांग रहा है। आपको विश्वास दिलाता हूं किसी के सम्मान को कम नहीं होने दूंगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने आगे कहा कि हरियाणा के अंदर तीसरी बार आपके बेटे के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है, यह हरियाणा की जनता ने ये तय कर दिया है। अंगद की तरह पैर जमाने का काम हमारी सरकार करेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि बीजेपी हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और विकास की गति तेज होगी। बीजेपी की ताकत ये है कि हरियाणा में 10 साल से सत्ता पर काबिज है और उसके पास बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है।
चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर के साथ हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए तारीख की घोषणा की है। हरियाणा में 1 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी। चुनाव के लिए नामांकन 5 सितंबर से शुरू होंगे।