हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। झलोखर गांव की पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह शव दिखाई देने पर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने झलोखर गांव के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही कुरारा थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सदर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान जाकिर पुत्र साबिर (उम्र करीब 45 वर्ष), निवासी कुरारा वार्ड नंबर 11 के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फील्ड यूनिट टीम द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है, ताकि घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिल सके। वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी तरह से जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।फिलहाल कुरारा थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।