रिपोर्ट – मनोज तिवारी
हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के आरोपी फुरकान से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से फुरकान दोनों पैरों में घायल हो गया, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने मुठभेड़ के बाद फुरकान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, खोखा और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भागने की फिराक में था और घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की थी।
मृतका माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। वह संडीला में नौकरी देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। रात भर इंतजार के बाद परिजनों ने सुबह उसकी तलाश शुरू की। बाद में गुलाब नगर डकौली गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पंचायत भवन के पास बने कूड़ाघर की झाड़ियों में युवती का शव बरामद हुआ। शव का गला उसी के दुपट्टे से बंधा हुआ था।घटना की सूचना मिलने पर माधौगंज पुलिस के साथ सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए और जांच शुरू की गई।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश ने बताया कि जांच में फुरकान पुत्र छोटे, निवासी डकौली थाना माधौगंज का नाम सामने आया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। इस दौरान सिपाही ज्ञानप्रकाश भी घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।