चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में लाडवा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करने के लिए तैयार हैं। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और लाडवा के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके अमूल्य समर्थन पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मैं उनका दिल से आभार व्यक्त करता हूं। लोगों ने मुझे यहां से सांसद चुना था और अब वे मुझे यहां से विधायक भी चुनेंगे।
गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के 21 अन्य भाजपा उम्मीदवार भी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अलग-अलग सीटों पर नामांकन दाखिल करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विधानसभा चुनावों के लिए लाडवा सीट से नामांकन भरने जा रहे हैं। लाडवा की जनता के लिए नायब सिंह सैनी पहले से ही पसंदीदा चेहरा रहे हैं। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने से पूर्व नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद थे और लाड़वा विधानसभा उनके इसी संसदीय क्षेत्र का एक हिस्सा है।
लाडवा में सैनी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। मंगलवार सुबह 10 बजे पर्चा भरने से पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं के बीच जा कर उनसे सीधा संवाद करते हुए उनके भीतर उत्साह का संचार भी करेंगे। महिलाओं और युवाओं में अद्वितीय लोकप्रियता रखने वाले सीएम के नामांकन कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।