भिवानी। भिवानी के तोशाम कस्बा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जन आर्शीवाद रैली में पहुंचे. जहां जनता को संबोधित करते हुए कहा कि तोशाम क्षेत्र चौधरी बंसीलाल की कर्मस्थली रहा है. आज उनकी 97वीं जयंती पर इस क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देने के साथ ही यहां से विधायक रही किरण चौधरी को राज्यसभा में जाने के लिए भी शुभकामनाएं देंगे.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान पर चोट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनके 10 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा. उन्होंने कहा कि हुड्डा कार्यकाल में पर्ची-खर्ची से नौकरियां मिलती थी और किसानों की जमीन दिल्ली में बैठे नेताओं के लिए औने-पौने दामों पर एक्वायर की जाती थी. किसानों को दो से चार रुपए फसल बीमा का मुआवजा मिलता थी. इसका जवाब भूपेंद्र सिंह हुड्डा को देना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने जन आर्शीवाद रैली में पहुंचते ही चौ. बंसीलाल की फोटो पर उनकी 97वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की. उसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में तोशाम के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 1996 में चौ. बंसीलाल व भारतीय जनता पार्टी ने मिलकर सरकार चलाई थी. किरण चौधरी इसी परिपाटी को आगे बढ़ा रही है. उन्होंनें कहा कि तोशाम की जनता ने चौ. बंसीलाल व सुरेंद्र सिंह को कभी अकेला नहीं छोड़ा.
इसी तर्ज पर यहां की जनता किरण चौधरी व उनकी बेटी श्रुति चौधरी का साथ इस क्षेत्र से देती रहेगी. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने लगभग पिछले तीन माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तार से वर्णन करते हुए कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने, 84 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड उपलब्ध करवाने, जरूरतमंदों को 100-100 गज प्लॉट देने, एससी-बीसी वर्ग को धर्मशालाओं के नवीनीकरण के लिए 118 करोड़ रूपये देने सहित विभिन्न उपलब्धियों को गिनवाया.