चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और सैनी सरकार चुनाव से पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी कर सकती है। हरियाणा सरकार फिलहाल 31.5 लाख लोगों को 3,000 रुपए प्रति माह सामाजिक सुरक्षा पेंशन देती है। अगले महीने इस योजना में 80,000 और लोगों को शामिल किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बिशम्बर बाल्मीकि ने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पेंशन बढ़ाने पर चर्चा करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन 3,000 रुपए से अधिक होनी चाहिए। पेंशन लाभार्थियों की बड़ी संख्या के कारण हरियाणा के चुनावों में एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है।
हरियाणा में भाजपा ने पेंशन में सालाना बढ़ोतरी का वादा किया था। इस साल जनवरी में उन्होंने पेंशन में 250 रुपए की बढ़ोतरी की। हालांकि यह घोषणा पिछले साल की गई थी। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने पर 6,000 रुपए पेंशन देने का वादा किया है। जबकि इनेलो ने 7,100 रुपए देने का वादा किया है।