सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में कथित जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मामला शनिवार-रविवार के बीच का बताया जा रहा है। 11 लोगों की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था भी देखी।
6 मदिरा दुकानें सील
घटना के बाद प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियाती कदम के तौर पर क्षेत्र की 6 मदिरा दुकानों को सील कर दिया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन करने वाले किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य लक्षण महसूस हों तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराए।
दो गांवों में डॉक्टरों की टीम कर रही स्क्रीनिंग
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि शराब के सेवन से कई लोग बीमार हुए हैं, जिनमें कुछ की मौत भी हुई है। कुछ लोगों की सिविल अस्पताल में जांच चल रही है। कलेक्टर के मुताबिक, आसपास के दोनों गांवों में डॉक्टरों की टीमें भेजकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्होंने पिछले 24-48 घंटे में शराब का सेवन किया है और उन्हें किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वे बिना देरी किए डॉक्टर से जांच कराएं।
CM मोहन यादव ने लिया संज्ञान
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और शराब के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।