कानपुर। Employees’ Provident Fund Organisation के क्षेत्रीय एवं जोनल कार्यालय, कानपुर में होली का पावन पर्व अत्यंत हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनरों एवं सब्सक्राइबर (सदस्यों) ने एक साथ मिलकर रंगों के इस त्योहार को उत्साहपूर्वक मनाया।
होली के अवसर पर कार्यालय में आए पेंशनरों एवं अंशधारकों का आत्मीय स्वागत किया गया। सभी ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और समरसता का संदेश देते हुए एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस सामूहिक आयोजन से कार्यालय में सकारात्मक वातावरण बना और विभाग तथा हितग्राहियों के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास का संदेश गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 श्री शाहिद इकबाल, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 श्री प्रतीश सिंह एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 श्री कुमार अभिषेक ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनरों एवं सब्सक्राइबरों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, सहयोग और एकता का प्रतीक है, जो समाज और संस्थानों को और अधिक मजबूत बनाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि विभागीय कार्यों को और अधिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि पेंशनरों एवं सदस्यों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।