बेगूसराय| बिहार के बेगूसराय में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल है। यह हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर हुआ। बताया जा रहा है कि सभी पुलिस अधिकारी पटना से प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
मौके पर तीन की मौत, अस्पताल में चौथे ने तोड़ा दम
हादसे में रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो थाना प्रभारियों और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस अधिकारियों में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटना देर रात करीब 12:30 बजे हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुलिस अधिकारियों की कार पटना से मधेपुरा जा रही थी, तभी एनएच-31 पर ट्रक से टकरा गई। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है।