जालंधर में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मकसूदां बाईपास हाईवे पर करीब सुबह 6:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े सामान से लदे कैंटर ट्रक से पीछे से टकरा गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवक अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को कार से बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची पुलिस
डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ एसआई राकेश कुमार ने बताया कि सड़क किनारे एक सामान से भरा कैंटर खड़ा था। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार उसमें पीछे से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसका संबंध लम्मे गांव क्षेत्र से होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब मृतकों और कार मालिक की पहचान करने में जुटी है।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के बाद सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।