मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर करीब 2 बजे एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए जुट गए।
बताया जा रहा है कि परिवार रांची से शादी समारोह संपन्न कर गोरखपुर के रानीडीहा गांव लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के रूप में हुई है। इसके अलावा रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) की भी इस हादसे में मौत हुई है, जो बिहार के गया जिले के मटीहानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है और एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।