कुरुक्षेत्र| कुरुक्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले की प्रेम नगर कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जतिंद्र कुमार (30), उनकी पत्नी मंजू (28) और तीन साल की बेटी अदविका के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की गंभीर बीमारी को लेकर परिवार लंबे समय से तनाव में था। पुलिस का मानना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते यह कदम उठाया गया हो सकता है। हालांकि, असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सुभाष मंडी चौकी को घटना की जानकारी मिली थी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घर के अंदर तीनों के शव पंखे से लटके हुए पाए गए।
बताया जा रहा है कि जतिंद्र कुमार के पिता महेंद्र सिंह, जो पंजाब पुलिस से रिटायर्ड थे, उनका करीब 6 महीने पहले ही निधन हो गया था। परिवार में अब उनकी मां बिमला देवी अकेली रह गई हैं। वहीं, जतिंद्र का भाई अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है।
थाना कृष्णा गेट पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।