मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके चमचे दिल्ली से झूठ का सामान लाकर हरियाणा में परोसते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसान के बेटे पर अपना विश्वास जताकर मुझे मुख्यमंत्री बनाया है और दो महीने में इतने काम कर दिए कि कांग्रेस ने गत सालों में कभी नहीं किए। मैने सिर्फ घोषणाएं नहीं की बल्कि जनता के हित में कल्याणकारी योजनाएं लागू की। एचकेआरएम के तहत लगे 1.20 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लोहारू अनाज मंडी में आयोजित भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में बोल रहे थे। वित्त मंत्री जेपी दलाल की अगुवाई में आयोजित रैली को केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, जिलाध्यक्ष मुकेश गौड, वरूण श्योराण सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। रैली में सीएम के निशाने पर पूरी तरह पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा रहे और अपने दो माह के कार्यकाल की उपलब्धियां भी खूब गिनवाई। उन्होंने वित्त मंत्री जेपी दलाल को लोहारू हलके के विकास को नई दिशा देने वाला बताया।
सीएम ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से अनेक बार पूछा है कि वे पहले अपने खातों का हिसाब तो दें। प्रदेश की जमीनें गिरवी रखवाई, एमएसपी नहीं दिलवाई, मुआवजा क्यों नहीं दिया, बुजुर्गों का सम्मान भत्ता क्यों नहीं बढ़ाया, बीपीएल कार्ड क्यों नहीं बनाए इसका जवाब तो दें। कांग्रेस ने भर्ती रोको गैंग बनाई है। इसके बावजूद भी प्रदेश में भर्ती प्रकिया चल रही है, जिनके परिणाम चार अक्टूबर के बाद आएंगे। एससी व ओबीसी चौपालों के नवीनीकरण के लिए उन्होंने 118 करोड़ रुपये जारी किए हैं।