नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच कथित तौर पर बढ़ती खींचतान के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का बयान सामने आया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सहारनपुर दौरे के दौरान पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान को लेकर दिए गए बयान पर इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपना मामला देखें। हाल ही में सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा था कि जिले से जुड़े सभी मामलों में पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के सलाह-मशवरे के साथ आगे बढ़ा जाएगा। उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा, “ये अखिलेश यादव का विषय है। वो अपना देखें। उनका अपना मामला है।”
इमरान मसूद ने साफ किया कि उन्हें अखिलेश यादव से कुछ नहीं चाहिए और उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता कांग्रेस के प्रति है। उन्होंने कहा, “मुझे अखिलेश यादव से थोड़े ही कुछ चाहिए। मुझे अपनी पार्टी से चाहिए। मेरी अपनी पार्टी है। मैं कांग्रेस के लिए जीता हूं, कांग्रेस के लिए मरता हूं।”इमरान मसूद के इस बयान को यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों दलों के बीच सीटों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर समय-समय पर मतभेद सामने आते रहे हैं।