रिपोर्ट – मनोज तिवारी
यूपी के हरदोई के शाहाबाद कोतवाली के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कस्बा शाहाबाद के मोहल्ला चौक निवासी सर्राफा व्यापारी ने कोतवाली के सामने डीजल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने उसको पकड़ लिया और कोतवाली ले गए।पुलिस इस मामले में सर्राफा व्यापारी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाई कर रही है।
शाहाबाद निवासी सुनील रस्तोगी उर्फ सोनी ने पुलिस द्वारा समय से कार्यवाही न किए जाने से क्षुब्ध होकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया जिससे कोई भी अप्रिय घटना नहीं हो सकी इस दौरान उसके शरीर का कोई भी हिस्सा आग की चपेट में नहीं आया।दरअसल सुनील रस्तोगी की सरस्वती ज्वेलर्स नामक दुकान सर्राफा मार्केट मोहल्ला चौक में स्थित है।
बीते 15 दिसंबर को शाम करीब छह बजे दुकान की चाबी व गिरवी रखा सोना-चांदी कथित मूल्य लगभग दो लाख रुपये एक बैग में रखकर उसका नौकर अमर सिंह उर्फ हनुमान शरण निवासी नगला लोथू थाना शाहाबाद साइकिल से दुकान से व्यापारी के घर ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बैग गिर जाने की बात सामने आई।इस मामले में पुलिस ने सोमवार को ही नौकर को हिरासत में ले लिया था लेकिन दो दिनों तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने से सर्राफा व्यापारी मानसिक रूप से काफी परेशान था।बताया जाता है कि इसी नाराजगी के चलते उसने कोतवाली के सामने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठाया।
