पटना। बिहार में जहरीली शराब कांड पर सियासत गरमाई है। जहराली शराब कांड में हुई मौत को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा है और उनकी तुलना जनरल डायर से कर दी।
जीतनराम मांझी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि ज़हरीली शराब के नाम पर दलितों को थोड़ी-थोड़ी मौत क्यों बांट रहें हैं नीतीश जी?एक ही बार”जनरल डॉयर”टाईप लाईन में खड़ा करके सबको गोली मार दिजिए,आपके नफ़रत का अंत हो जाएगा। ज़हरीली शराब से हो रही मौत को नहीं रोक सकते तो शराबबंदी कानून का क्या मतलब है?कम से कम गुजरात से तो सबक लीजिए।
दरअसल, बिहार के सीतामढ़ी और गोपालगंज में 10 लोगों की मौत हुई। बताया जा रहा है कि इन लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। अब इसके बाद बिहार की सियासत गरमा गई।
वहीं, इस मामले को लेकर राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने भी एक्स हैंडल पर पोस्ट किया और इस कांड को लेकर नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। सुशील मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा कि जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत ने फिर साबित किया है कि राज्य सरकार शराबबंदी (पूर्ण मद्यनिषेध) की नीति लागू करने में पूरी तरह विफल है।