चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अम्बाला जिला के गांव बड़ागढ़ में आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम सैनी ने स्टेडियम में अंबाला का पहला हॉकी का एस्ट्रोटर्फ 14 करोड़ से बनाने व रात को भी मुकाबले करवाने के लिए फल्ड लाइटें लगवाने की घोषणा की है। इसके अलावा लाहा व बिचपड़ी मैदान के जीर्णोद्धार के लिए भी पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कबड्डी महाकुंभ में पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि दिमाग का खेल भी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा कबड्डी, कुश्ती और मुक्केबाजी जैसे परम्परागत खेलों का गढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने पदक जीत कर न केवल हरियाणा का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अब तो हरियाणा खेलों के दम पर बॉलीवुड की भी पसंद बन गया है। दंगल और सुलतान जैसी फिल्में हरियाणा के पुरुष और महिला खिलाड़ियों का गौरव गान करती हैं।