कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के श्री राहुल गुप्ता का चयन पैरा डार्ट्स नेशनल चैम्पियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय पैरा डार्ट्स चैम्पियनशिप हेतु किया गया है। चयनित होने के उपरांत वे मलेशिया में आयोजित होने वाली इस चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए रवाना हो रहे हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता मलेशिया में 24 से 26 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसमें श्री राहुल गुप्ता जी एवं उनके जुड़वाँ भाई श्री रोहित गुप्ता जो कि सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया में अधिकारी है वह भी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इससे पूर्व भी दोनों भाई श्रीलंका में आयोजित पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
मलेशिया के लिए प्रस्थान से पूर्व कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर द्वारा श्री राहुल गुप्ता को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम, श्री शाहिद इक़बाल जी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रोत्साहित किया।
श्री राहुल गुप्ता ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग को दिया। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम श्री शाहिद इक़बाल जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके आसपास के सहयोगी वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, और उन्हें यह सहयोग कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, कानपुर से पूर्ण रूप से प्राप्त हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि “खिलाड़ी मेहनत करता है और बड़े सपने देखता है, लेकिन उन सपनों को साकार करने के लिए संस्थागत सहयोग और प्रोत्साहन अत्यंत आवश्यक होता है।कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर, श्री राहुल गुप्ता की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करता है और आशा करता है कि वे मलेशिया में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश एवं संगठन का नाम गौरवान्वित करेंगे।
प्रेषक
क्षेत्रीय कार्यालय, EPFO, कानपुर